जादवपुर यूनिवर्सिटी विवाद पर दिलीप घोष का बड़ा बयान, बोले- ‘देश-विरोधी नारे और गैरकानूनी गतिविधियां अब नहीं चलेंगी’
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने जादवपुर यूनिवर्सिटी में छात्र गुटों के बीच हुए विवाद को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में पहले देश-विरोधी नारे और गैरकानूनी गतिविधियां होती रही हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं चलने दिया जाएगा।
दिलीप घोष ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जादवपुर यूनिवर्सिटी में विवाद कोई नई बात नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कैंपस में पहले से ही ड्रग्स और गांजा जैसी गतिविधियों को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल के कथित अपमान का मुद्दा भी उठाया और कहा कि पहले इन घटनाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है। कैंपस के भीतर की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
वंदे मातरम विवाद पर कांग्रेस पर निशाना
दिलीप घोष ने ‘वंदे मातरम’ को लेकर चल रहे विवाद पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पूरा ‘वंदे मातरम’ नहीं गाया और कहा कि पार्टी को पहले पूरा गीत सीखना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस के लंबे राजनीतिक शासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। घोष ने दावा किया कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ है और किसी भी तरह की अव्यवस्था को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अन्नपूर्णा भंडार योजना पर भी दी प्रतिक्रिया
अन्नपूर्णा भंडार योजना को लेकर टीएमसी विधायक कुणाल घोष की टिप्पणी पर दिलीप घोष ने कहा कि योजना का लाभ निर्धारित मानदंड पूरा करने वालों को ही मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजनाओं के लाभार्थियों के सत्यापन के लिए आधार कार्ड, वोटर कार्ड और अन्य दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)