शीना बोरा हत्याकांड: मिखाइल बोरा का दावा, मां इंद्राणी ने 12वीं के प्रमाणपत्र में की जालसाजी
मुंबई। चर्चित शीना बोरा हत्याकांड की सुनवाई के दौरान नया मोड़ सामने आया है। मृतका शीना बोरा के भाई और मामले की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी के बेटे मिखाइल बोरा ने विशेष सीबीआई अदालत में अपनी मां पर जालसाजी और धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। मिखाइल ने अदालत को भेजे दो अलग-अलग पत्रों में दावा किया है कि उनके कक्षा 12वीं के शैक्षणिक प्रमाणपत्र में कथित तौर पर हेरफेर किया गया, जिसका असर उनके करियर और नौकरी के अवसरों पर पड़ा।
मिखाइल के मुताबिक, प्रमाणपत्र में कथित गड़बड़ी के कारण वह महाराष्ट्र में नौकरी हासिल नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि इसके चलते उनके परिवार को लंबे समय तक आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब शादीशुदा मिखाइल ने अदालत से मामले का जल्द निपटारा करने की अपील की है और कहा है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।
इंद्राणी की गतिविधियों को लेकर भी जताई चिंता
मिखाइल ने अपनी दूसरी याचिका में चार स्क्रीनशॉट पेश किए और दावा किया कि इंद्राणी ने हाल ही में गुवाहाटी का दौरा किया था। उन्होंने आशंका जताई कि इंद्राणी उनके रहने की जगह के आसपास भी आई हो सकती हैं। मिखाइल ने अदालत से इंद्राणी की इन गतिविधियों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
इस मामले में सीबीआई को भी एक ईमेल प्राप्त हुआ है। इसके बाद विशेष अदालत ने जांच एजेंसी को मिखाइल द्वारा भेजे गए दोनों पत्रों पर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
2017 में शुरू हुआ था मुकदमे का ट्रायल
शीना बोरा हत्याकांड के मुकदमे की सुनवाई वर्ष 2017 में शुरू हुई थी। मिखाइल इस मामले में अभियोजन पक्ष के पांचवें गवाह थे। उन्होंने पहले अदालत में आरोप लगाया था कि इंद्राणी उन्हें कई बार नशीला पेय पदार्थ देती थीं। उनके मुताबिक, ऐसा पेय पीने के बाद उन्हें चक्कर आने और पसीना आने जैसी परेशानी होती थी।
मिखाइल ने अदालत को बताया था कि वर्ष 2014 में उन्होंने जानबूझकर ऐसा पेय पिया था, ताकि वह समझ सकें कि इंद्राणी के दिए पेय के बाद उनके शरीर में इस तरह के लक्षण क्यों दिखाई देते थे।
शीना की हत्या का खुलासा होने के बाद सामने आई पुरानी घटना
अगस्त 2015 में इंद्राणी की गिरफ्तारी और शीना बोरा की हत्या का खुलासा होने के बाद मिखाइल ने 24 अप्रैल 2012 की घटना को लेकर अपनी आशंकाएं अदालत के सामने रखीं। उनका दावा था कि उस समय इंद्राणी और सह-आरोपी संजीव खन्ना ने उनकी भी हत्या की साजिश रची थी। मिखाइल के अनुसार, जब भी उन्होंने शीना के बारे में सवाल किया, तो इंद्राणी उन्हें लगातार गुमराह करती रहीं।
मिखाइल द्वारा लगाए गए नए आरोपों पर अब सीबीआई के जवाब और अदालत की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)