चांचौड़ा में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; सोने का पेंडल और चांदी की पायल बरामद

Saturday, September 26, 2026 - 21:37
Updated: 6 hours ago
0
चांचौड़ा में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; सोने का पेंडल और चांदी की पायल बरामद

चाचौड़ा थाना पुलिस ने चोरी के दो प्रकरणों का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है ।

               उल्लेखनीय है कि 02 सितंबर 2026 को चांचौड़ा थाने पर फरियादिया मंजूबाई रजक निवासी ग्राम अजगरी के द्वारा अपने घर से नगदी एवं सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, उसकी रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 289/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

  इसी प्रकार 27 अगस्त 2026 को फरियादी संतोष मीना निवासी बीनागंज द्वारा भी घर से नगदी एवं सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 279/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था ।

पुलिस द्वारा चोरी उक्त घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अज्ञात आरोपियों की तलाश एवं पतारसी के प्रयास प्रारंभ किए गए । विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटना स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं उनकी गतिविधियों के संबंध में लगातार जानकारी जुटाई गई । इसी दौरान दिनांक 24 सितंबर 2026 को चाचौड़ा थानांतर्गत बीनांगज चौकी से पुलिस की एक टीम इलाका भ्रमण पर थी, इस दौरान बीनागंज बस स्टैंड पर तीन संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर अचानक घबरा गए और वहां से भागने का प्रयास करने लगे । उनकी संदिग्ध गतिविधि को भांपते हुए पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा कर घेराबंदी की और दो संदिग्धों को मौके पर पकड़ लिया । पकड़े गए व्यक्तियों ने पूछताछ में अपने नाम उदय उर्फ बुशी पुत्र संतोष सेन उम्र 19 वर्ष निवासी शाहिद कॉलोनी ब्यावरा जिला राजगढ़ एवं सरवन पुत्र हरिसिंह मीना उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम कान्हाखेड़ी थाना कुंभराज जिला गुना के बताए । पुलिस को देखकर उनके इस तरह भागने का प्रयास करने से संदेह के आधार पर पुलिस द्वारा दोनों से गहनता से पूछताछ किए जाने पर उन्होंने अपने अन्य एक साथी के साथ मिलकर चाचौड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की उक्त दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया । इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने का एक पेंडल एवं एक जोड़ चांदी की पायल बरामद कर विधिवत जब्त की गई । प्रकरण में फरार तीसरे आरोपी की भी पहचान सुनिश्चित कर ली है तथा उसकी गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ।

               पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें आरोपी सरवन मीना के विरुद्ध कुंभराज एवं चाचौड़ा थाने में चोरी, आर्म्स एक्ट, जुआ एवं एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 10 प्रकरण दर्ज होना पाया गया । वहीं आरोपी उदय सेन के विरुद्ध थाना चाचौड़ा एवं राजगढ़ जिले के थाना ब्यावरा सिटी में चोरी के कुल 03 प्रकरण दर्ज होना पाया गया है । इस प्रकार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से दर्ज कुल 13 आपराधिक प्रकरण भी पुलिस रिकॉर्ड में पाए गए हैं ।

               चांचौड़ा थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजोरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी, आरक्षक शिवप्रताप, आरक्षक मोनू करारे, आरक्षक अजय समाधिया, आरक्षक नवदीप शर्मा, आरक्षक राजू एवं आरक्षक सचिन भीलाला की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User