एमपी में फिर झमाझम बारिश के आसार, 24-25 सितंबर को तेज बारिश; पूर्वी हिस्से के इन जिलों में ज्यादा असर
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और 24-25 सितंबर को कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इन दो दिनों में करीब 17 जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश के साथ भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में भी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से बारिश का नया दौर शुरू होगा। 24 और 25 सितंबर को जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में बारिश का असर अधिक रहने का अनुमान है। मानसून की विदाई की शुरुआत सितंबर के अंतिम सप्ताह में होने की संभावना है। ऐसे में विदाई से पहले होने वाली बारिश से प्रदेश में अब तक दर्ज बारिश के आंकड़े में सुधार हो सकता है।
अब तक मध्य प्रदेश में 856.8 मिलीमीटर यानी करीब 33.7 इंच बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि तक सामान्य तौर पर 922.6 मिलीमीटर यानी लगभग 36.3 इंच बारिश होनी चाहिए थी। इस हिसाब से प्रदेश में अब तक सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की कमी करीब 2 प्रतिशत, जबकि पश्चिमी हिस्से में यह कमी करीब 10 प्रतिशत है।
पूर्वी हिस्से के बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में सामान्य से 5 से 23 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। वहीं पश्चिमी हिस्से के आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 7 से 49 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।
इसके अलावा अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में सामान्य या उससे अधिक बारिश दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से प्रदेश के बारिश के आंकड़े में और सुधार होने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)