एशियाई खेल: दीपिका सहरावत ने 9 गोल कर रचा रिकॉर्ड, राष्ट्रीय खुशी के बीच परिवार में छाया मातम; छोटी दादी का निधन
एशियाई खेलों की महिला हॉकी के पूल बी मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने बुधवार को थाईलैंड को 20-1 से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में हिसार जिले की प्रशिक्षु सविता पूनिया और रोहतक जिले की मूल निवासी दीपिका सहरावत ने शानदार प्रदर्शन किया।
कोच आजाद सिंह मलिक के मुताबिक, दीपिका सहरावत ने अकेले नौ गोल दागे। ड्रैग फ्लिक तकनीक के जरिए उन्होंने मिले सभी नौ अवसरों को गोल में बदला और अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। दीपिका ने दूसरे, आठवें, नौवें, 24वें, 33वें, 36वें, 39वें, 51वें और 57वें मिनट में गोल किए।
एक ही मुकाबले में नौ गोल करने वाली दीपिका पहली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले प्रतियोगिता में भारतीय टीम उज्बेकिस्तान और इंडोनेशिया को भी हरा चुकी है। उज्बेकिस्तान के खिलाफ पिछले मुकाबले में भी दीपिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ गोल दागे थे।
हालांकि, दीपिका के इस शानदार प्रदर्शन के बीच उनके परिवार में मातम छा गया। दीपिका के पिता जगदीश ने बताया कि सुबह 11 बजे सभी परिजन मैच देखने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दीपिका की 78 वर्षीय छोटी दादी मनकी देवी का निधन हो गया। परिवार के लिए यह दुखद खबर उस समय आई, जब देश और परिवार दीपिका के शानदार प्रदर्शन की खुशी मना रहा था।
दीपिका की बड़ी दादी 87 वर्ष की उम्र में भी स्वस्थ हैं। परिवार में एक ओर दीपिका के रिकॉर्ड बनाने की खुशी है, तो दूसरी ओर छोटी दादी के निधन से गम का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)