दिल्ली: केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की, पिछले चुनाव रद्द कर दोबारा कराने की कही बात
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग की है। केजरीवाल ने एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए पिछले कुछ वर्षों में हुए चुनावों को रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग भी उठाई।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हाल ही में हुए चुनाव रद्द कर दोबारा कराए जाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अकेले ही चुनाव आयोग को चला रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि चुनाव आयोग तीन सदस्यों से मिलकर बना है, जिसमें एक मुख्य चुनाव आयुक्त और दो चुनाव आयुक्त होते हैं। उनके मुताबिक तीनों सदस्य बैठकों में हिस्सा लेते हैं और फैसले सर्वसम्मति या बहुमत के आधार पर लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति को अकेले चुनाव आयोग चलाने या अधिकारियों को आदेश देने का अधिकार नहीं है और तीनों चुनाव आयुक्त समान रूप से जिम्मेदार होते हैं।
वहीं, चुनाव आयोग के भीतर मतभेद होने के विपक्ष के आरोपों पर आयोग से जुड़े सूत्रों ने सफाई दी है। सूत्रों ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू व विवेक जोशी के बीच किसी औपचारिक असहमति से इनकार किया है।
आयोग के अनुसार, कामकाज के दौरान अधिकारी अपनी राय और सुझाव रखते हैं, लेकिन इसे आपसी टकराव या औपचारिक असहमति नहीं माना जाना चाहिए। आयोग का कहना है कि एसआईआर समेत उसके सभी फैसले तीनों चुनाव आयुक्त मिलकर लेते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)