अड़ींग में भीषण सड़क हादसा, बाइक को करीब तीन किलोमीटर तक घसीट ले गई कार
रेखा शर्मा
मथुरा। गोवर्धन तहसील क्षेत्र के गोवर्धन-मथुरा मार्ग स्थित अड़ींग बाईपास पर एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक स्विफ्ट कार ने सड़क किनारे खड़ी स्प्लेंडर बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार चालक बाइक को करीब तीन किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ जमुना तक ले गया। इस दौरान सड़क पर घर्षण के कारण चिंगारियां और आग जैसी स्थिति दिखाई देने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बाइक को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गई और जमुना तक पहुंचने के बाद कार पूरी तरह बंद हो गई। हादसे के बाद चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और चालक की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कुछ ही दूरी पर एक घर के पास चालक को नशे की हालत में पकड़ लिया। हादसे में चालक भी घायल हुआ था, जिसके बाद उसे एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन ले जाया गया। चालक का इलाज पुलिस की निगरानी में कराया जा रहा है।
वहीं बाइक सवार ने बताया कि वह अपनी बाइक के पास ही खड़ा था। उसका कहना है कि यदि वह समय रहते बाइक से दूर नहीं हटता तो उसकी जान जा सकती थी। बाइक सवार अड़ींग का रहने वाला बताया गया है।
पूछताछ में कार चालक की पहचान पवन दुबे निवासी मोहराई के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन में भर्ती कराया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)