रेलवे ओवरब्रिज की खुली पोल: दो माह में उखड़ी छह करोड़ की सड़क, एक महीने से रास्ता बंद
हाथरस के सासनी-जलेसर मार्ग पर करीब छह करोड़ रुपये की लागत से बना नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज महज दो महीने में ही सवालों के घेरे में आ गया। आरओबी की सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए, जिसके बाद मरम्मत के लिए करीब एक महीने पहले इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया। इसके बावजूद मरम्मत का काम धीमी गति से चल रहा है।
आरओबी बंद होने के कारण सासनी से जलेसर, एटा और आगरा की ओर जाने वाले हजारों दैनिक यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों को पुल के नीचे बने संकरे और कच्चे सर्विस रोड से निकाला जा रहा है।
सर्विस रोड की चौड़ाई कम होने के कारण दो भारी वाहन एक साथ नहीं निकल पाते। आमने-सामने वाहन आने पर जाम लग जाता है। रेलवे ट्रैक से ट्रेन या मालगाड़ी गुजरने के दौरान फाटक बंद होने पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। फाटक खुलने के बाद भी यातायात सामान्य होने में 20 से 30 मिनट तक लग रहे हैं।
कच्चे सर्विस रोड से भारी वाहनों के गुजरने पर धूल के गुबार से दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, धूल और खराब रास्ते के कारण कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं। जाम से बचने के लिए कुछ लोग आसपास के गांवों के कच्चे और उबड़-खाबड़ रास्तों का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस आरओबी के शुरू होने के बाद रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद थी, वही अब बंद होने के कारण परेशानी का कारण बन गया है। लोगों ने सड़क की मरम्मत जल्द पूरी कराकर आरओबी पर आवागमन बहाल करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)