कर्नाटक में कांग्रेस विधायक का फिर इस्तीफा, इंडी को सूखाग्रस्त घोषित नहीं किए जाने से नाराज
बेंगलुरु। कर्नाटक के कांग्रेस विधायक यशवंतरायगौड़ा पाटील ने विजयपुरा जिले के इंडी तालुक को सूखाग्रस्त घोषित नहीं किए जाने के विरोध में विधानसभा अध्यक्ष जीएस पाटील को अपना इस्तीफा भेज दिया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक माहौल में दबाव बनाने वाले और प्रभावशाली लोगों की बात सुनी जा रही है, जबकि जनप्रतिनिधियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
22 सितंबर को लिखे अपने पत्र में पाटील ने कहा कि 2026-27 के खरीफ सीजन में बारिश की कमी के कारण इंडी तालुक में फसलें बर्बाद हो गई हैं। शुरुआत में कुछ बारिश होने पर किसानों ने कर्ज लेकर बीज और खाद खरीदी और फसल की बुवाई की, लेकिन समय पर बारिश नहीं होने से खेतों में खड़ी फसलें सूख गईं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लोगों और पशुओं के लिए पीने के पानी की समस्या भी बनी हुई है।
पाटील ने बताया कि उन्होंने 28 अगस्त को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के सामने इंडी तालुक को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग रखी थी। इसके बावजूद इंडी को सूखाग्रस्त तालुकों की सूची में शामिल नहीं किया गया। विजयपुरा जिले के कुल 13 तालुकों में से 11 को सूखाग्रस्त घोषित किया जा चुका है, जबकि इंडी और चडचन इस सूची से बाहर हैं।
विधायक ने कहा कि लगातार अपनी मांग सरकार के सामने रखने के बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने क्षेत्र के लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं का जवाब देने में खुद को असमर्थ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने इसी नाराजगी के चलते विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेजा है।
यशवंतरायगौड़ा पाटील इससे पहले अगस्त में भी इस्तीफा दे चुके हैं, जिसे बाद में वापस ले लिया था। अब एक बार फिर इस्तीफा देने के बाद कर्नाटक की सत्तारूढ़ कांग्रेस में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)