यूपी: अखिलेश ने एक्सप्रेसवे का वीडियो दिखाकर सरकार पर साधा निशाना, बोले- निर्माण पूरा बाद में होता है, टूटना पहले शुरू हो जाता है
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश के एक्सप्रेसवे की स्थिति को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने एक्सप्रेसवे की हालत से जुड़े वीडियो दिखाए और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसी परियोजना का निर्माण पूरा होने से पहले ही उसके टूटने की स्थिति सामने आने लगती है। उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका उद्घाटन किया था और उसका रखरखाव अभी भी जारी है। उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की स्थिति का वीडियो भी दिखाया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे दिल्ली और लखनऊ के बीच इस बात को लेकर मुकाबला चल रहा है कि किसके पास अधिक मुनाफा पहुंचेगा। अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के दौरान बने लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे और लखनऊ के रिवरफ्रंट का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि इन परियोजनाओं की गुणवत्ता बेहतर थी और आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार उन्हें खराब कर रही है।
यूपीआई से भुगतान को लेकर भी अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने यूपीआई से जुड़े शुल्क को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि व्यापारियों और उद्योगपतियों पर आर्थिक बोझ डालने वाली योजनाओं को बंद किया जाना चाहिए।
200 करोड़ पौधे लगाने के सरकारी दावे पर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने 200 करोड़ पौधे लगाए हैं तो यह भी बताया जाना चाहिए कि इतनी बड़ी संख्या में पौधे किस जमीन पर लगाए गए। अखिलेश ने दावा किया कि सपा सरकार के दौरान एक हजार एकड़ क्षेत्र में एक लाख 34 हजार पेड़ लगाए गए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)