कॉकरोच टिप्पणी विवाद: सीजेआई सूर्यकांत बोले- बयान को गलत संदर्भ में पेश कर युवाओं को गुमराह किया गया

Friday, August 14, 2026 - 22:25
0
कॉकरोच टिप्पणी विवाद: सीजेआई सूर्यकांत बोले- बयान को गलत संदर्भ में पेश कर युवाओं को गुमराह किया गया

प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने सोशल मीडिया पर अदालती कार्यवाही के वीडियो को संदर्भ से हटाकर प्रसारित किए जाने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मई में की गई उनकी ‘कॉकरोच’ टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया और इसका इस्तेमाल कर युवाओं को भ्रमित करने की कोशिश की गई।

डीडी न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में सीजेआई सूर्यकांत ने कहा कि आजकल अदालतों की कार्यवाही के वीडियो बिना पर्याप्त संदर्भ के सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं, जिससे गलत धारणा बनती है। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया और जो बात उन्होंने नहीं कही, उसे भी उनके बयान के रूप में दिखाया गया।

दरअसल, 15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान सीजेआई सूर्यकांत ने फर्जी डिग्री रखने वाले कुछ लोगों और व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों को लेकर ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया था और युवाओं के एक वर्ग में नाराजगी भी देखने को मिली थी। इसके बाद "कॉकरोच जनता पार्टी" नाम से एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन अभियान शुरू हुआ था।

सीजेआई ने कहा कि वह संबंधित लोगों के बारे में ऐसी सोच भी नहीं सकते। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला गया और दुर्भावनापूर्ण तरीके से इस्तेमाल किया गया। उन्होंने इसे युवाओं को गुमराह करने की कोशिश बताया।

मीडिया को जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग की सलाह

सीजेआई सूर्यकांत ने मीडिया से न्यायिक कार्यवाही की रिपोर्टिंग जिम्मेदारी और संतुलन के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में सद्भाव बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि चाहे कोई व्यक्ति सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया या किसी अन्य माध्यम से जुड़ा हो, सभी के अधिकारों के साथ कुछ संवैधानिक जिम्मेदारियां भी होती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने दायित्वों को ध्यान में रखते हुए ऐसी सामग्री साझा करें, जिससे समाज में गलतफहमी और तनाव न बढ़े।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User