बिहार: शिक्षक की पिटाई के विरोध में सड़कों पर उतरे हजारों छात्र-शिक्षक, पांच दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र स्थित निजी स्कूल डेजावू स्कूल ऑफ इनोवेशन में शिक्षक की पिटाई के विरोध में बुधवार को हजारों छात्र और शिक्षक सड़कों पर उतर आए। निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों से जुड़े शिक्षकों व छात्रों ने विरोध मार्च निकालकर घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विभिन्न निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया।
प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने चेतावनी दी कि शिक्षक की पिटाई करने वालों के खिलाफ पांच दिनों के भीतर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा। इंडियन एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स और एसोसिएशन ऑफ बिहार एकेडमिक इंस्टीट्यूशन की ओर से 23 सितंबर को सभी निजी स्कूल और कोचिंग संस्थान बंद रखने का आह्वान किया गया था। इसके बाद बुधवार को विरोध मार्च निकाला गया।
दरअसल, विवाद उस समय शुरू हुआ जब स्कूल के शिक्षक प्रिंस कुमार पर एक छात्रा की पिटाई करने का आरोप लगा। घटना के बाद छात्रा के परिजन और स्थानीय लोग स्कूल पहुंचे और मामले का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोग स्कूल में घुस गए और शिक्षक प्रिंस कुमार के साथ मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी घटना रिकॉर्ड हुई थी।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से शिक्षक के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ मीनापुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। वहीं, छात्रा के परिजनों ने भी शिक्षक प्रिंस कुमार के खिलाफ बच्ची के साथ मारपीट करने के आरोप में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
स्कूल और कोचिंग संस्थानों से जुड़े संगठनों ने शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)