ट्रेन 1 घंटे 24 मिनट लेट, 75 छात्रों की परीक्षा पर संकट; डीआरएम की स्पेशल ट्रेन बनी उम्मीद की सवारी

Thursday, August 20, 2026 - 11:07
Updated: 3 days ago
0
ट्रेन 1 घंटे 24 मिनट लेट, 75 छात्रों की परीक्षा पर संकट; डीआरएम की स्पेशल ट्रेन बनी उम्मीद की सवारी

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की देरी के कारण करीब 70 से 75 छात्र-छात्राओं की परीक्षा छूटने का संकट खड़ा हो गया। ये विद्यार्थी दलसिंहसराय के आरबी कॉलेज में स्नातक सेमेस्टर की परीक्षा देने जा रहे थे। उनकी ट्रेन करीब 1 घंटे 24 मिनट देरी से चल रही थी, जिससे छात्रों की चिंता बढ़ गई थी।

छात्रों को 75246 डाउन सोनपुर-बरौनी पैसेंजर ट्रेन से दलसिंहसराय जाना था। ट्रेन के शाहपुर पटोरी पहुंचने का निर्धारित समय सुबह करीब 7:57 बजे था, लेकिन सोनपुर से ही ट्रेन देरी से चली और रास्ते में भी विलंब होता गया। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में लगने वाले समय को देखते हुए छात्रों को परीक्षा छूटने का डर सताने लगा।

इसी दौरान सोनपुर मंडल के डीआरएम अमित सरन निरीक्षण के लिए शाहपुर पटोरी स्टेशन पहुंचे। वह सोनपुर-बरौनी-खगड़िया रेलखंड के निरीक्षण के लिए विशेष इंस्पेक्शन ट्रेन से आए थे। जब डीआरएम अपनी स्पेशल ट्रेन की ओर बढ़ रहे थे, तभी परेशान छात्र-छात्राओं ने उन्हें घेरकर अपनी समस्या बताई।

डीआरएम ने छात्रों की परेशानी को गंभीरता से सुना और उनके एडमिट कार्ड भी देखे। इसके बाद उन्होंने मानवीय पहल करते हुए सभी परीक्षार्थियों को अपनी स्पेशल इंस्पेक्शन ट्रेन से विद्यापतिधाम रेलवे स्टेशन तक जाने की अनुमति दे दी।

स्पेशल ट्रेन से विद्यापतिधाम पहुंचने के बाद छात्र सड़क मार्ग से अपने परीक्षा केंद्र की ओर रवाना हुए। इस मदद के चलते करीब 70 से 75 विद्यार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने का मौका मिल गया और उनकी परीक्षा छूटने से बच गई।

डीआरएम के इस फैसले की छात्रों ने सराहना की। ट्रेन की देरी के कारण जहां कुछ देर पहले विद्यार्थियों के सामने परीक्षा छूटने का संकट खड़ा था, वहीं डीआरएम की त्वरित पहल उनके लिए राहत की वजह बन गई।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User