जिला स्तरीय जनसुनवाई में आए 235 आवेदन, संबंधित अधिकारियों को निराकरण के दिये निर्देश
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य, नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित 235 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व एवं पंचायत विभाग की संयुक्त व्यवस्था के चलते कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में राजस्व अधिकारियों एवं पंचायत विभाग की पूरी टीम को संयुक्त रूप से बैठाया गया, ताकि दोनों विभागों से संबंधित शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जा सके।

जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर जरूरतमंद हितग्राहियों को आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के परीक्षण उपरांत कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जरूरतमंद हितग्राहियों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। तहसील आरोन निवासी प्राण सिंह अहिरवार ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि वे कैंसर की बीमारी से पीड़ित हैं। गुना निवासी श्री गोपाल शर्मा ने दुर्घटना के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता होने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही खलकसिंह पत्नि कानाबाई कुशवाह निवासी पुरानी छावनी लक्ष्मीनगर को बीमारी से उपचार के लिये तीनों आवेदनों पर विचार करते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

इसी प्रकार ग्राम नसीरा गुना निवासी दिव्यांग मोहन सिंह सहरिया ने आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का अनुरोध किया था। आवेदन पर विचार करते हुए कलेक्टर श्री कन्याल ने उन्हें 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। साथ ही हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।

आज आयोजित जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी, डिप्टी कलेक्टर श्री देवांशु शिवहरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)