बदायूं में एनएचएम संविदा कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन, लंबित मानदेय के खिलाफ दिया CMO को ज्ञापन
दो माह से वेतन न मिलने पर एनएचएम कर्मियों की चेतावनी, 21 मई से कार्य बहिष्कार की तैयारी
बदायूं (आरएनआई) उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन यानी एनएचएम के संविदा कर्मचारियों ने लंबित मानदेय को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बदायूं समेत प्रदेश के सभी जिलों में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया और CMO बदायूं डॉ मोहन झा को ज्ञापन दिया, जहां जिसमें सरकार से जल्द भुगतान की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर 20 मई तक वेतन जारी नहीं हुआ तो 21 मई से कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

बदायूं में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों ने मार्च और अप्रैल 2026 का मानदेय लंबित होने के विरोध में बदायूं CMO को ज्ञापन दिया एवं काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। यह प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन 18 मई से 20 मई तक चलाया जा रहा है।

जिले में करीब 1200 कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर काली पट्टी बांधकर ड्यूटी की और सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री आदित्य भारती ने कहा कि दो माह से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने बताया कि बच्चों के स्कूलों का नया सत्र शुरू हो चुका है, लेकिन कर्मचारी फीस, किताबों और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में असमर्थ हैं।

वहीं, एनएचएम कर्मचारी संघ बदायूं के जिलाध्यक्ष कृष्ण वल्लभ चतुर्वेदी ने चेतावनी दी कि यदि 20 मई तक लंबित मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो 21 मई से प्रदेशभर के संविदा कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि जनहित को देखते हुए आपातकालीन सेवाएं जारी रखी जाएंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)