हाथरस में डेढ़ महीने में किशोरी को आठवीं बार सांप ने डंसा, परिवार में दहशत; वन विभाग से मदद की गुहार
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ऐहन के मजरा छोटा लाडपुर में 17 वर्षीय किशोरी को डेढ़ महीने के भीतर आठवीं बार सांप के डंसने का मामला सामने आया है। मंगलवार को हुई इस घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। लगातार सामने आ रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
अनीता पुत्री कोमल गौतम सरस्वती डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। स्वजन के अनुसार, मंगलवार सुबह से ही घर में एक काला सांप दिखाई दे रहा था। परिवार पहले से ही सतर्क था। शाम को अनीता घर के अंदर काम कर रही थी, तभी सांप ने उसे डंस लिया। उसकी चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
अनीता के पिता कोमल गौतम का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। पिछले करीब डेढ़ महीने में उनकी बेटी को आठ बार सांप डंस चुका है। परिवार के मुताबिक, तीन दिन के भीतर भी तीन बार ऐसी घटना हो चुकी है। हर बार उपचार के बाद अनीता की हालत में सुधार हुआ, लेकिन घर लौटने के बाद परिवार के सामने दोबारा सांप के निकलने का डर बना रहता है।
लगातार सांप दिखाई देने से परिवार के अन्य सदस्य भी सहमे हुए हैं और छोटे बच्चे घर के अंदर जाने से डर रहे हैं। परिजनों ने सांप को पकड़ने के लिए कई सर्प मित्रों की मदद लेने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। परिवार का कहना है कि सांप कभी दीवार की दरारों तो कभी घर में रखे सामान के पीछे छिप जाता है।
अब परिजनों ने वन विभाग से घर में पहुंचकर जांच करने और सांप को पकड़ने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर अलग-अलग चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि घर के आसपास या भीतर सांप का ठिकाना हो सकता है।
परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि वन विभाग की टीम भेजकर घर की जांच कराई जाए और सांप को सुरक्षित पकड़ा जाए, ताकि परिवार को लगातार बने इस खतरे से राहत मिल सके। वहीं चिकित्सकों के अनुसार, किशोरी को निगरानी में रखा गया है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)