फेसबुक की विदेशी दोस्ती बनी साइबर ठगी का जाल, 18 लाख के डीडी के लालच में गंवाए 9.74 लाख
हरदोई के संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घूमनखेड़ा में फेसबुक पर हुई विदेशी महिला से दोस्ती के बाद साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने 18 लाख रुपये के डिमांड ड्राफ्ट का लालच देकर पीड़ित रामानुज से अलग-अलग शुल्क के नाम पर 18 बार में कुल 9.74 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
रामानुज के मुताबिक, फेसबुक मैसेंजर पर उनकी पहचान ‘रीता फ्रांसिस’ नाम की प्रोफाइल से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपियों ने विश्वास जीतने के लिए लंदन से दिल्ली आने का कथित फ्लाइट टिकट भेजा और विदेशी मोबाइल नंबरों से लगातार संपर्क बनाए रखा। इसके बाद उन्हें बताया गया कि लंदन से उनके नाम पर एक कीमती पार्सल आया है, जिसमें 15 हजार पाउंड यानी करीब 18 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट है।
इसके बाद ठगी का सिलसिला शुरू हुआ। कभी एयरपोर्ट पर पार्सल स्कैनिंग शुल्क, कभी डिमांड ड्राफ्ट को भारतीय मुद्रा में बदलने के नाम पर आरबीआई शुल्क, तो कभी कपड़ों की खरीद और अन्य प्रशासनिक खर्च बताकर पैसे मांगे गए। रामानुज ने अलग-अलग बैंक खातों और फोनपे के माध्यम से 18 बार में कुल 9 लाख 74 हजार रुपये आरोपियों को ट्रांसफर कर दिए।
ठगों ने भरोसा बनाए रखने के लिए कूरियर के जरिए आरबीआई का कथित मास्टर एटीएम कार्ड भी भेजा। कार्ड एक्टिवेट करने के नाम पर दोबारा रकम मांगे जाने पर रामानुज को शक हुआ और उन्होंने आगे पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने कार्ड रद्द करने और रकम जब्त करने की धमकी दी।
ठगी का एहसास होने के बाद रामानुज ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी। एसपी के निर्देश पर साइबर क्राइम थाने में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में रीता फ्रांसिस, इमरान हुसैन, सोनू कुमार, विशाल और रानू को नामजद किया गया है। साइबर थाना पुलिस बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
यह मामला सोशल मीडिया पर होने वाली फर्जी विदेशी दोस्ती और ऑनलाइन लालच के प्रति सतर्क रहने की जरूरत को भी सामने लाता है। विदेश से पार्सल, लाखों रुपये का डिमांड ड्राफ्ट या किसी बड़े लाभ का झांसा देकर यदि पहले शुल्क या किसी अन्य नाम पर पैसे मांगे जाएं तो बिना सत्यापन कोई भुगतान नहीं करना चाहिए। साइबर ठग अक्सर पहले विश्वास और लालच का माहौल बनाते हैं और बाद में अलग-अलग शुल्क के नाम पर रकम वसूलते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)