शिवराज सिंह चौहान का आप सरकार पर हमला, बोले- पंजाब में नशे का नेटवर्क छह महीने में खत्म करेंगे
तलवंडी साबो। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर नशे के मुद्दे को लेकर निशाना साधा। वह भाजपा की नशा मुक्ति यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए तलवंडी साबो पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब से नशा खत्म करने के लिए तीन महीने की समयसीमा तय की थी, लेकिन नशे की समस्या खत्म नहीं हुई।
शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब के मुखिया ही नशा करके विधानसभा पहुंचते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। हालांकि, यह आरोप उन्होंने अपने संबोधन के दौरान लगाया है।
केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि पंजाब में नशे के कारोबारियों को संरक्षण कौन दे रहा है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संदेश लेकर पंजाब आए हैं। शिवराज ने दावा किया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद छह महीने के भीतर पंजाब में नशे के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने शायरी के अंदाज में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा, “नूर की एक किरण जुल्मात पर भारी होगी, रात तुम्हारी है, लेकिन सुबह हमारी होगी।”
कार्यक्रम में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, मनप्रीत बादल, सुनील जाखड़ और कंवलजीत सिंह समेत भाजपा के अन्य नेता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)