उत्तर मध्य रेलवे ने शुरू किया ‘टोटल’ ऑनलाइन क्लेम पोर्टल, 67 हजार से अधिक कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने कर्मचारियों के यात्रा भत्ता (टीए) और समयोपरी (ओटी) से जुड़े दावों को डिजिटल बनाने की दिशा में ‘टोटल’ ऑनलाइन क्लेम पोर्टल शुरू किया है। पोर्टल का औपचारिक उद्घाटन 22 सितंबर 2026 को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों और रेलवे कर्मचारियों की मौजूदगी में किया।
रेलवे के आईटी विभाग ने सीएमआईटी तरुण कुमार शुक्ला की देखरेख में इस वेब आधारित पोर्टल को तैयार किया है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों के भत्ता दावों की प्रक्रिया को आसान, पारदर्शी और पेपरलेस बनाना है।
ऑनलाइन जमा होगा क्लेम
‘टोटल’ पोर्टल के जरिए कर्मचारी अपने मासिक जर्नल ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। एचआरएमएस में दर्ज मोबाइल नंबर पर भेजे गए ओटीपी के माध्यम से सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। कर्मचारी अपने दावों की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे और समय-समय पर अपडेट प्राप्त कर सकेंगे।
पोर्टल पर भारतीय रेलवे स्थापना कोड के अध्याय 16 के अनुसार भत्तों की गणना स्वचालित रूप से की जाएगी। इससे मैनुअल गणना की आवश्यकता कम होगी और दावों की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
ऑडिट और निगरानी की सुविधा
पोर्टल में अधिकारियों के लिए वर्कफ्लो मैनेजमेंट, रिपोर्टिंग और ऑडिट ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं। इससे दावों की प्रक्रिया की निगरानी और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी।
पहले चरण में पोर्टल पर यात्रा भत्ता (टीए) के दावों को शामिल किया गया है। इसके बाद समयोपरी (ओटी) के दावों को भी पोर्टल से जोड़ने की योजना है। रेलवे के अनुसार, ‘टोटल’ पोर्टल के 20 से 25 दिनों के भीतर पूरी तरह चालू होने की उम्मीद है। इसके लागू होने से उत्तर मध्य रेलवे के 67 हजार से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)