बैंक हड़ताल तय: 28 से 30 सितंबर तक बंद रहेंगे बैंक, लगातार पांच दिन प्रभावित हो सकती हैं बैंकिंग सेवाएं

Tuesday, September 22, 2026 - 22:24
0
बैंक हड़ताल तय: 28 से 30 सितंबर तक बंद रहेंगे बैंक, लगातार पांच दिन प्रभावित हो सकती हैं बैंकिंग सेवाएं

नई दिल्ली। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 सितंबर से तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। मंगलवार को उप मुख्य श्रम आयुक्त के समक्ष हुई सुलह बैठक बेनतीजा रहने के बाद यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को हड़ताल पर जाने का फैसला किया। इससे पहले वित्त मंत्रालय ने बैंक कर्मचारियों से हड़ताल पर न जाने की अपील की थी।

हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती हैं। 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक पहले से बंद रहेंगे। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल रहेगी। 30 सितंबर को बैंकों की छमाही बंदी के साथ भी हड़ताल का समय पड़ रहा है।

यूएफबीयू बैंकिंग क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत कार्यबल का प्रतिनिधित्व करने का दावा करता है। यूनियनों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की है। इसके अलावा पेंशन व्यवस्था में सुधार और अद्यतन, सभी पेंशनभोगियों के लिए समान महंगाई भत्ता फार्मूला तथा राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) में जाने का विकल्प देने की मांग भी शामिल है।

यूएफबीयू इससे पहले 11 सितंबर को भी अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रव्यापी हड़ताल कर चुका है। यूनियनों का कहना है कि उनकी मांगों पर पर्याप्त समाधान नहीं निकलने के कारण अब तीन दिवसीय हड़ताल का फैसला लिया गया है।

हड़ताल और लगातार सप्ताहांत की छुट्टियों के कारण बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहने की संभावना है। इसका असर ग्राहकों, कारोबार, सरकारी लेनदेन और अन्य बैंकिंग गतिविधियों पर पड़ सकता है। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहने की संभावना है। कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने ग्राहकों को मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, एटीएम, बीसी प्वाइंट और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User