13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए व्हाट्सएप लाएगा नया फीचर, माता-पिता के पास होगा अकाउंट का कंट्रोल
नई दिल्ली (आरएनआई): लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी जल्द ही “पैरेंट मैनेज्ड अकाउंट” नाम का फीचर जोड़ सकती है, जिसके जरिए 13 साल से कम उम्र के बच्चों के व्हाट्सएप अकाउंट पर उनके माता-पिता का नियंत्रण होगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सिस्टम खास तौर पर कम उम्र के यूजर्स के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके तहत बच्चों का व्हाट्सएप अकाउंट उनके माता-पिता के अकाउंट से लिंक रहेगा। इससे पैरेंट्स बच्चों की व्हाट्सएप गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे और यह तय कर पाएंगे कि बच्चे किससे बातचीत कर सकते हैं।
नए फीचर के तहत माता-पिता यह नियंत्रित कर सकेंगे कि उनके बच्चे को कौन-कौन मैसेज भेज सकता है, किन लोगों को कॉन्टैक्ट लिस्ट में रखा जा सकता है और बच्चे को किन ग्रुप्स में जोड़ा जा सकता है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि बच्चे सुरक्षित माहौल में मैसेजिंग करें और अनजान लोगों के संपर्क में आने से बचें।
रिपोर्ट के अनुसार बच्चों के अकाउंट पर कुछ सीमाएं भी लागू होंगी। इनमें एप के कुछ एडवांस फीचर्स उपलब्ध नहीं होंगे, जैसे स्टेटस अपडेट, चैनल्स और Meta AI से जुड़े फीचर्स।
इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से एक और व्यवस्था की जा सकती है, जिसके तहत किसी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति से आने वाले मैसेज को अलग फोल्डर में भेज दिया जाएगा। माता-पिता इन मैसेज को देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति को ब्लॉक भी कर पाएंगे।
आज के समय में कम उम्र के बच्चे भी तेजी से स्मार्टफोन और इंटरनेट का उपयोग करने लगे हैं, जिससे उनकी ऑनलाइन सुरक्षा एक बड़ी चिंता बन गई है। ऐसे में Meta Platforms के स्वामित्व वाला व्हाट्सएप यह फीचर लाकर माता-पिता को अधिक नियंत्रण और बच्चों को सुरक्षित डिजिटल माहौल देने की कोशिश कर रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी इस फीचर को धीरे-धीरे रोलआउट कर सकती है और आने वाले महीनों में इसे अलग-अलग देशों में उपलब्ध कराया जा सकता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)