मोहम्मद शमी लड़ेंगे चुनाव? जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद सियासी चर्चाएं तेज, अमरोहा सीट से उतरने के कयास

Monday, September 21, 2026 - 12:59
0
मोहम्मद शमी लड़ेंगे चुनाव? जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद सियासी चर्चाएं तेज, अमरोहा सीट से उतरने के कयास

अमरोहा। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और अमरोहा के सहसपुर अलीनगर निवासी मोहम्मद शमी की राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुलाकात की तस्वीर जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद शमी के राजनीति में उतरने और 2027 के विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं।

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर मोहम्मद शमी या उनके परिवार के किसी सदस्य के राजनीति में आने की चर्चाएं चल रही थीं। रविवार को दिल्ली में जयंत चौधरी से शमी की मुलाकात के बाद इन चर्चाओं को और हवा मिल गई। हालांकि, शमी के चुनाव लड़ने या रालोद में शामिल होने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है।

जयंत चौधरी ने मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए मोहम्मद शमी जैसे महान क्रिकेटर से मिलना सुखद अनुभव बताया। इसके बाद अमरोहा के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में शमी के संभावित राजनीतिक पदार्पण को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।

दूसरी ओर, मोहम्मद शमी लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 9 मार्च 2025 को चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इंग्लैंड और श्रीलंका दौरों के लिए भी उन्हें टीम में जगह नहीं मिली।

फिलहाल शमी के चुनाव लड़ने को लेकर उनके परिवार और रालोद नेताओं ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। रालोद के अमरोहा जिलाध्यक्ष सचिन चौधरी ने भी कहा कि शमी की जयंत चौधरी से मुलाकात किस उद्देश्य से हुई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User