वृंदावन में बांग्लादेशी पत्नी को छोड़कर पति फरार, 10 लाख के गहने और 40 लाख रुपये हड़पने का आरोप

Sunday, September 20, 2026 - 05:57
0
वृंदावन में बांग्लादेशी पत्नी को छोड़कर पति फरार, 10 लाख के गहने और 40 लाख रुपये हड़पने का आरोप

वृंदावन। दर्शन कराने के बहाने बांग्लादेश से वृंदावन लाई गई एक महिला ने अपने पति पर लाखों रुपये की ठगी और धोखाधड़ी कर फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने स्थानीय पुलिस और बांग्लादेश सरकार से मदद की गुहार लगाई है। मामले की सूचना स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) ने बांग्लादेशी दूतावास को भी दे दी है।

पीड़िता लीपी रानी पाल, पत्नी डॉ. प्रमोद चक्रवर्ती ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका पति उसे बहला-फुसलाकर 8 सितंबर को वृंदावन दर्शन कराने के लिए लाया था। यहां उसने कथित तौर पर महिला के करीब 10 लाख रुपये के सोने के आभूषण और 40 लाख रुपये की धनराशि हड़प ली और बाद में फरार हो गया। महिला के अनुसार, यह रकम उसके दिवंगत पहले पति की संपत्ति बेचने से मिली थी। उसके पहले पति की वर्ष 2014 में लिवर कैंसर से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसने ढाका में प्रमोद चक्रवर्ती से प्रेम विवाह किया था।

पीड़िता के मुताबिक शादी के करीब छह महीने बाद दोनों कोलकाता के रास्ते 8 सितंबर को वृंदावन पहुंचे थे। चार दिन तक मंदिरों के दर्शन कराने के बाद 12 सितंबर को प्रमोद पासपोर्ट और वीजा लेकर जरूरी काम का बहाना बनाकर चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा और फोन उठाना भी बंद कर दिया। कुछ समय बाद उसके व्हाट्सऐप से एक अज्ञात व्यक्ति ने दुर्घटना होने का संदेश भेजा। महिला ने जब घटना की तस्वीर मांगी तो उसे कथित तौर पर गुमराह किया जाने लगा।

16 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने वाली महिला का कहना है कि वह भारत में बिना पैसों के असहाय स्थिति में है। उसने बांग्लादेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से अपने पति को तलाशने तथा उसे न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

एलआईयू ने मामले की जानकारी बांग्लादेशी दूतावास को दे दी है। स्थानीय पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक पति के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User