उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर तनाव, सहमति के बाद खुद मस्जिद तोड़ने पहुंचे लोग; पुलिस पर पथराव
मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद को हटाने को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। प्रशासन के साथ सहमति बनने के बाद मुस्लिम समाज के कुछ लोग खुद ही मस्जिद के हिस्से को हटाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मस्जिद की ओर जाने वाली सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस ने भीड़ को रोकने की कोशिश की तो पथराव शुरू हो गया, जिसके बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
दरअसल, सिंहस्थ 2028 को देखते हुए उज्जैन में सड़कों के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। कोयला फाटक से गोपाल मंदिर तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग को चौड़ा किया जाना है। इसी मार्ग में खड़े हनुमान मंदिर और शाही मस्जिद स्थित हैं। सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत दोनों धार्मिक स्थलों के प्रभावित हिस्सों को हटाया जाना है। खड़े हनुमान मंदिर को हटाने की कार्रवाई पहले ही हो चुकी है और वहां अब प्रतिमा मौजूद है।
शाही मस्जिद को हटाने की कार्रवाई का मुस्लिम समाज के लोग पिछले कुछ दिनों से विरोध कर रहे थे। बताया गया कि लगातार तीन-चार रातों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे थे। रविवार रात भी करीब 10 हजार लोग वहां एकत्रित हो गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की बड़ी संख्या में तैनाती की गई।
रविवार रात से सोमवार सुबह तक प्रदर्शनकारियों और प्रशासन के बीच बातचीत चलती रही। मुस्लिम समाज के लोग पूरी रात मौके पर डटे रहे। सुबह करीब पांच बजे प्रशासन और समाज के लोगों के बीच सहमति बनने के बाद मस्जिद को हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई। इसी दौरान मस्जिद की ओर जाने वाले रास्तों पर फिर से भीड़ जुटने लगी।
पुलिस ने जब लोगों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की तो पथराव शुरू हो गया। इसके बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई शुरू की और मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन की ओर से हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)