उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने पर बवाल, पथराव के बाद आंसू गैस के गोले; भारी पुलिस बल तैनात
मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण को लेकर शाही मस्जिद का मामला सोमवार को तनावपूर्ण हो गया। सड़क की जद में आ रहे मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रशासन ने इलाके में पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया था।
विरोध के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई, जब भीड़ की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। कुछ समय के लिए आसपास की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई।

शाही मस्जिद को लेकर विवाद सड़क चौड़ीकरण की योजना से जुड़ा है। सिंहस्थ-2028 के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर में सड़कों को चौड़ा करने और यातायात व्यवस्था सुधारने का काम किया जा रहा है। मस्जिद का एक हिस्सा प्रस्तावित सड़क की सीमा में आ रहा है।
इस कार्रवाई के खिलाफ मस्जिद से जुड़े लोगों ने अदालत का रुख किया था। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने नौ सितंबर को याचिकाएं खारिज करते हुए सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई पर हस्तक्षेप से इनकार किया था। अदालत ने अपने आदेश में बताया था कि इसी सड़क पर 10 मंदिरों और एक मस्जिद के हिस्से पहले ही हटाए जा चुके हैं तथा उज्जैन में करीब 80 धार्मिक स्थलों से जुड़े निर्माणों पर कार्रवाई की गई है।
प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का उद्देश्य सिंहस्थ के दौरान यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना है। यह सड़क गोपाल मंदिर से महाकाल मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग से जुड़ी है और सिंहस्थ के साथ शाही सवारी तथा पेशवाई के दौरान भी इसका इस्तेमाल होता है।

फिलहाल इलाके में स्थिति पर नजर रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। पथराव और पुलिस के साथ हुए टकराव के बाद प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। मामले को लेकर आगे की कार्रवाई पुलिस और प्रशासन की ओर से की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)