मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान, कलेक्टर-एसपी ने सुनीं शिकायतें

Saturday, August 22, 2026 - 21:32
Updated: 6 hours ago
0
मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान, कलेक्टर-एसपी ने सुनीं शिकायतें

“मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत शुक्रवार को जनपद पंचायत आरोन की ग्राम पंचायत झाझौन में आयोजित तीसरा जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आमजन और प्रशासन के बीच भरोसे तथा समस्याओं के समाधान का सशक्त मंच बना। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करने के साथ नामांतरण, जाति एवं मूलनिवासी प्रमाण-पत्र, पात्रता पर्ची, आधार कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनाने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

कलेक्टर-एसपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को जन-विश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने आरोन की ग्राम पंचायत झाझौन में 

आयोजित जिला स्तरीय शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

 

शिविर में सबसे पहले आवेदकों का पंजीयन किया गया और उनके आवेदन संबंधित विभागों को भेजे गए। इसके बाद अधिकारियों द्वारा एक-एक कर आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं तथा पात्र प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जिन प्रकरणों में तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ

 शिविर के दौरान सामाजिक न्याय विभाग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल भी प्रदान की गईं। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। कृषि, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग की योजनाओं, पात्रता एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।

कृषि में आधुनिक तकनीक अपनाने पर जोर

 कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि गुना जिला लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और जिले में विभिन्न क्षेत्रों में नए-नए नवाचार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब कृषि के पारंपरिक पैटर्न में बदलाव की आवश्यकता है। किसानों को नई एवं आधुनिक तकनीक का उपयोग कर कम लागत में बेहतर उत्पादन और अधिक आय की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को किया जागरूक

 पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि गांव में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी मिलने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और युवाओं को भी नशे की बुराइयों से बचाने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों के प्रति भी सजग रहें तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की परेशानी अथवा आवश्यकता होने पर पुलिस से तत्काल संपर्क करें। पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद से ही सुरक्षित एवं अपराधमुक्त वातावरण तैयार किया जा सकता है।

 

जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़ ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा जिला प्रशासन आमजन के साथ खड़ा है। शासन द्वारा जन्म से लेकर मृत्यु तक विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जिले में संचालित मोबाइल कोर्ट की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से मौके पर ही कई प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है, जिससे आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

उद्यमियों और स्वरोजगार हितग्राहियों से किया संवाद

 शिविर के दौरान उद्यमियों, नए स्टार्टअप तथा स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों के साथ उद्यम संवाद भी आयोजित किया गया। किसान, वेल्डर, पेंटर एवं अन्य स्वरोजगार से जुड़े हितग्राहियों ने इसमें सहभागिता की। संवाद के दौरान उद्यम विभाग की विभिन्न योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों और ऋण सुविधा की जानकारी दी गई। उद्यमियों से उनके अनुभव, समस्याएं तथा व्यवसाय के विस्तार से जुड़े सुझाव भी प्राप्त किए गए। उद्यमियों ने बताया कि सरकारी योजनाओं से प्राप्त प्रशिक्षण, सहयोग एवं वित्तीय सहायता ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया है।

 

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद धाकड़, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे, एसडीएम आरोन सुश्री मंजुषा खत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User