जयपुर पंचायत चुनाव: जिला परिषद के 57 वार्डों में 154 प्रत्याशी, चौमूं में सबसे ज्यादा 73 उम्मीदवार मैदान में
जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के पहले चरण में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जयपुर जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। जिला परिषद के 57 वार्डों में 154 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि आठ पंचायत समितियों के 146 वार्डों में 417 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 234 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच के दौरान 62 नामांकन पत्र खारिज हुए, जबकि दो अन्य नामांकन पत्र निरस्त किए गए। इसके बाद 170 वैध प्रत्याशियों में से 16 ने नाम वापस ले लिया। इस तरह अब 154 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं।
आठ पंचायत समितियों में 603 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे। जांच के दौरान 145 नामांकन पत्र खारिज किए गए और चार निरस्त हुए। इसके बाद बचे 454 वैध प्रत्याशियों में से 37 ने नाम वापस ले लिया। अब इन पंचायत समितियों के 146 वार्डों में 417 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
पंचायत समिति स्तर पर चौमूं में सबसे ज्यादा 73 प्रत्याशी मैदान में हैं। जोबनेर में 55, गोविंदगढ़ में 54, मौजमाबाद में 49, दूदू में 47, झोटवाड़ा में 47, किशनगढ़-रेनवाल में 47 और सांभर में 45 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। इन आंकड़ों के अनुसार, चौमूं में सबसे अधिक और सांभर में सबसे कम प्रत्याशी मैदान में हैं।
दूसरे चरण के चुनाव की प्रक्रिया भी जारी है। 15 अक्टूबर तक पांच पंचायत समितियों के 81 वार्डों में कुल 116 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें 110 प्रत्याशी शामिल हैं। इनमें अमरसर में 25, आमेर में 20, जालसू में 18, रामपुरा डाबड़ी में 19 और शाहपुरा में 34 नामांकन पत्र दाखिल हुए।
दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 17 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से होगी, जबकि प्रत्याशी 19 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और अंतिम प्रत्याशी सूची जारी होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दूसरे चरण में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 28 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान दल 27 अक्टूबर को रवाना किए जाएंगे। जिला परिषद और सभी चरणों के पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे जिला मुख्यालय पर होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)