गुना में जिला स्तरीय जनसुनवाई में 190 आवेदन प्राप्त, कलेक्टर ने समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश; चार जरूरतमंदों को ₹10-10 हजार की सहायता
शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीमांकन, बिजली, पेंशन, नगरपालिका, स्वास्थ्य, नामांतरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 190 आवेदन प्राप्त हुए

जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं के प्रभावी निराकरण के लिए राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को संयुक्त रूप से बैठाया गया, जिससे दोनों विभागों से संबंधित शिकायतों का आपसी समन्वय से निराकरण किया जा सके। इस व्यवस्था के तहत कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

जरूरतमंद हितग्राहियों को दी आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के उपरांत कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने जरूरतमंद हितग्राहियों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की। ग्राम मोइया निवासी श्री राजकुमार यादव एवं आरोन के कुम्हार मोहल्ला निवासी आवेदक ने चिकित्सा उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी। इसी प्रकार राघौगढ़ निवासी श्री नवल किशोर सैनी तथा गुना की श्रीराम कॉलोनी निवासी कुमारी देवांशी ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदनों के परीक्षण के उपरांत कलेक्टर द्वारा रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक दुबे, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री महिमा चौधरी एवं दिव्यांशु शिवहरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)