एसआईआर और यूजीसी के नए नियम चुनाव में बन सकते हैं मुद्दा, नितिन नवीन बोले- योगी को पीएम मोदी का पूरा आशीर्वाद
भाजपा की एक बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर एसआईआर, यूजीसी के नए नियम और अन्य मुद्दों पर पार्टी के प्रदेश प्रभारियों ने चिंता जताई। बैठक में उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और मणिपुर समेत चुनावी राज्यों के प्रभारियों ने एसआईआर को संभावित चुनावी मुद्दा बताया। प्रभारियों के अनुसार, चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को विपक्ष द्वारा उठाए जाने के बाद लोगों के बीच भ्रम और सवाल पैदा हुए हैं।
मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, शिव प्रकाश और सौदान सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारियों और सह प्रभारियों ने अपने-अपने राज्यों की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति की जानकारी साझा की।
बैठक में उत्तर भारतीय राज्यों के प्रभारियों ने यूजीसी के नए नियमों को लेकर भी चिंता जताई और इस संबंध में जल्द कदम उठाने की बात कही। एसआईआर को लेकर भी प्रभारियों ने पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी चिंताएं रखीं। नितिन नवीन ने कहा कि एसआईआर को लेकर चुनाव आयुक्तों की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई है और पार्टी को इससे जुड़ी जानकारी जनता तक पहुंचानी चाहिए।
बैठक में उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच कथित दूरी को लेकर सामने आने वाली खबरों का मुद्दा भी उठा। इस पर नितिन नवीन ने कहा कि ऐसी खबरें भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा आशीर्वाद प्राप्त है और इस तरह की सूचनाओं का जवाब दिया जाना चाहिए।
नवीन ने चुनावी राज्यों में आपसी मतभेद, अंदरूनी खींचतान और भितरघात रोकने के लिए भी संगठन को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश प्रभारियों से नियमित रूप से राज्यों का दौरा करने, युवाओं से सीधे संवाद करने और बूथ स्तर पर उनकी राय लेने को कहा। साथ ही युवाओं से जुड़ी अपेक्षाओं और मुद्दों को राज्य सरकारों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)