हिमाचल में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, शिमला में झमाझम बारिश; 3 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के 30 अगस्त के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। 31 अगस्त से 3 सितंबर के बीच कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
रविवार को शाम चार बजे के बाद राजधानी शिमला में तेज बारिश हुई। बारिश के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में धुंध भी छा गई, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त से 3 सितंबर तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 30 अगस्त से 5 सितंबर तक मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
जिला स्तर के पूर्वानुमान के मुताबिक बिलासपुर में 1 और 2 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। चंबा में 1 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। कांगड़ा में 31 अगस्त से 3 सितंबर के बीच अलग-अलग दिनों में भारी बारिश हो सकती है।
मंडी में 31 अगस्त को मध्यम से भारी और 1 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है। शिमला में 1 सितंबर को कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। सोलन में 1 सितंबर को मध्यम से भारी और 2 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
सिरमौर में 31 अगस्त से 3 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है। लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए प्रशासन और लोगों को संवेदनशील इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)