दिल्ली में दो सड़क हादसे, DTC बस की टक्कर से एक की मौत; द्वारका में भी युवक की जान गई
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पहला हादसा आनंद पर्वत इलाके में हुआ, जहां दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बस ने कई वाहनों और राहगीरों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में डीबीजी रोड पर कई वाहनों और लोगों से टकरा गई। हादसे में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार काफी तेज थी। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
वहीं, दूसरा हादसा दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका सेक्टर-18 में क्रीसेंट अपार्टमेंट के पास हुआ। शनिवार तड़के करीब 12:45 बजे एक ट्रक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। दोनों बाइकों पर कुल चार लोग सवार थे। हादसे में गौरव नाम के युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने द्वारका हादसे में ट्रक चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया है। दोनों मामलों में पुलिस हादसों के कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)