आईआईटी बॉम्बे के हॉस्टलों से हटेंगे सीलिंग फैन, छात्र की मौत के बाद वॉल-माउंटेड पंखे लगाने का फैसला

Tuesday, September 22, 2026 - 12:17
0
आईआईटी बॉम्बे के हॉस्टलों से हटेंगे सीलिंग फैन, छात्र की मौत के बाद वॉल-माउंटेड पंखे लगाने का फैसला

मुंबई। आईआईटी बॉम्बे प्रशासन ने हॉस्टलों से सीलिंग फैन हटाकर उनकी जगह वॉल-माउंटेड पंखे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह फैसला बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद लिया गया है। मामले की जांच के बीच संस्थान के इस कदम को लेकर राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है।

महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के रहने वाले और ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के छात्र साहिल वाकोडे शुक्रवार शाम पवई स्थित आईआईटी बॉम्बे कैंपस के हॉस्टल कमरे में मृत पाए गए थे। सामने आई जानकारी के अनुसार, मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान उन्हें कथित तौर पर मोबाइल फोन के जरिए चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने की बात कही गई है। इसके कुछ घंटों बाद उनकी मौत की घटना सामने आई।

छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आईआईटी बॉम्बे ने हॉस्टलों और अन्य उपयोगिता वाले क्षेत्रों से सीलिंग फैन हटाकर दीवार पर लगाए जाने वाले पंखे लगाने का फैसला किया है। कैंपस में नए पंखों की खेप पहुंचने की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। इससे पहले जुलाई में भी एक छात्र की मौत के बाद हॉस्टलों में पंखों को लेकर चर्चा हुई थी।

इस फैसले पर एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रवक्ता अनीश गावंडे ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि केवल पंखे बदलने से छात्रों के बीच मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं होगा। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य सहायता और आत्महत्या रोकथाम के उपायों पर अधिक ध्यान देने की मांग की। गावंडे ने दावा किया कि पिछले 20 वर्षों में आईआईटी संस्थानों में 117 से अधिक छात्रों की आत्महत्या की घटनाएं हुई हैं।

वहीं, आईआईटी बॉम्बे फैकल्टी फोरम के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. राजकुमार पंत ने छात्र की मौत पर दुख जताते हुए शिक्षकों का बचाव किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बिना पूरी जांच के चल रहे आरोप-प्रत्यारोप और कथित सोशल मीडिया ट्रायल पर चिंता व्यक्त की। मामले की जांच जारी है और छात्र की मौत से जुड़े कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User