सागर जहरीली शराबकांड: फरार आरोपी मनीष लोधी के खाते से निकले 7.95 लाख, किसान खाते से 2 करोड़ का लेनदेन
सागर। 36 लोगों की मौत से जुड़े जहरीली शराबकांड की जांच के बीच फरार आरोपी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर के बैंक खाते से हुए लेनदेन ने कई सवाल खड़े किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, एफआईआर दर्ज होने और आरोपी पर इनाम घोषित होने के बाद भी 11, 14 और 15 सितंबर को तीन सेल्फ चेक के जरिए खाते से कुल 7.95 लाख रुपये निकाले गए। अब जांच का एक अहम बिंदु यह है कि ये सेल्फ चेक बैंक तक कौन लेकर पहुंचा और भुगतान से पहले बैंक ने पहचान का सत्यापन किस तरह किया।
जानकारी के मुताबिक, जिस बैंक खाते का इस्तेमाल शराब कारोबार से जुड़े लेनदेन के लिए किए जाने का आरोप है, वह किसान गोल्ड कार्ड खाता है। इसकी निर्धारित सीमा 8.50 लाख रुपये बताई गई है। इसके बावजूद मार्च से 15 सितंबर के बीच इस खाते से करीब 2 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। खाते के स्टेटमेंट में खेती से जुड़ा प्रमुख खर्च केवल 4,082 रुपये की फसल बीमा कटौती दिखाई देती है, जबकि आबकारी विभाग और शराब कारोबार से जुड़े अन्य लेनदेन में बड़ी रकम सामने आई है।
खाते के रिकॉर्ड के अनुसार, 2 मार्च को इसमें सिर्फ 460 रुपये थे। उसी दिन 4.50 लाख रुपये नकद जमा किए गए। मार्च में ही तीन बार में कुल 15.50 लाख रुपये नकद जमा हुए। इसके बाद 15 सितंबर तक खाते में करीब 1.90 करोड़ रुपये जमा किए गए, जबकि करीब 1.98 करोड़ रुपये की निकासी हुई।
लेनदेन के रिकॉर्ड में 4 सितंबर को सरकारी पेमेंट गेटवे के जरिए खाते में 25.31 लाख रुपये आने की जानकारी है। इसके करीब एक घंटे बाद 8.50 लाख रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर किए गए। 5 सितंबर को 90 हजार रुपये और 7 सितंबर को 15.88 लाख रुपये ट्रांसफर हुए। इन लेनदेन के बाद खाते में महज 570 रुपये शेष रह गए।
जांच एजेंसियां अब इस खाते से हुए लेनदेन, सेल्फ चेक से निकाली गई रकम और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। फरार आरोपी तक पहुंचने के साथ-साथ बैंकिंग लेनदेन की कड़ियों को जोड़ना भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)