सूरत में 10 हजार वेतन को लेकर विवाद, कर्मचारी ने गोदाम में लगाई आग; 24 करोड़ के सामान के नुकसान का दावा
सूरत। गुजरात के औद्योगिक शहर सूरत में वेतन को लेकर हुए विवाद के बाद एक कर्मचारी द्वारा कपड़े के गोदाम में आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कर्मचारी ने अपने मालिक से बदला लेने के लिए गोदाम में आग लगा दी। घटना में 14 अन्य दुकानों तक आग फैल गई और करीब 24 करोड़ रुपये के सामान के नुकसान का दावा किया गया है।
मामला श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट का है, जहां 9 सितंबर को एक कपड़े के गोदाम में भीषण आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की कई दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान विनोद पंडित सावले के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि मालिक ने उसका 10 हजार रुपये का वेतन नहीं दिया था, जिससे वह नाराज था। इसी के चलते उसने मालिक की दुकान के गोदाम में आग लगाने की योजना बनाई।
विनोद ने पुलिस को बताया कि वह करीब 150 रुपये का पेट्रोल खरीदकर लाया था और गोदाम के बाहर रखे कपड़ों के पार्सल में आग लगाने के बाद वहां से चला गया। उसके अनुसार, उसे अंदाजा नहीं था कि आग आसपास की अन्य दुकानों तक फैल जाएगी और दूसरे कारोबारियों के सामान को भी नुकसान पहुंचेगा।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने अप्रैल 2026 में श्याम संगिनी मार्केट स्थित जे कॉर्प इंडिया और जगदंबा टेक्सटाइल में अकाउंटेंट के तौर पर काम शुरू किया था। सूरत क्राइम ब्रांच ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आगजनी की पूरी घटना और इससे हुए नुकसान से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)