बिहार: जमुई कांड पर तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, बोले- छिटपुट घटना बताने वालों को माफी मांगनी चाहिए; आरोपियों का हो स्पीडी ट्रायल

Tuesday, September 22, 2026 - 17:56
0
बिहार: जमुई कांड पर तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, बोले- छिटपुट घटना बताने वालों को माफी मांगनी चाहिए; आरोपियों का हो स्पीडी ट्रायल

पटना। जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी और छेड़खानी की घटना को लेकर बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने मंगलवार को इस मामले को लेकर सरकार पर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जमुई की घटना ने पूरे बिहार को शर्मसार किया है और इसे छिटपुट घटना बताने वाले सत्ता पक्ष के नेताओं को जनता से माफी मांगनी चाहिए।

पटना स्थित अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में बैठे लोग मामले को लेकर ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनसे पीड़ित परिवार की पीड़ा कम होने के बजाय मामला और गंभीर हो जाता है। तेजस्वी ने कहा कि घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग पूरे मामले से परिचित हुए और इसे केवल छिटपुट घटना या मोरल पुलिसिंग से जोड़कर देखना उचित नहीं है।

‘मुख्यमंत्री अपनी बात पर कायम हैं तो इस्तीफा दें’

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पूर्व में दिए गए बयान का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बच्चियों के साथ ऐसी घटना होने पर इस्तीफा देने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री अपनी उस बात पर कायम हैं तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।

तेजस्वी ने कहा कि जमुई के पुलिस अधीक्षक ने स्वयं सात से आठ आरोपियों की बात कही है। उन्होंने मांग की कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और मामले का स्पीडी ट्रायल कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय सुनिश्चित करना चाहिए।

पुलिस कस्टडी में मौत के मामलों पर भी उठाए सवाल

संवाददाता सम्मेलन में तेजस्वी यादव ने पुलिस कस्टडी में मौत के मामलों को भी उठाया। उन्होंने सासाराम में अमरजीत यादव की मौत का जिक्र करते हुए सरकार से मामले में न्याय की मांग की। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि अमरजीत यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया था और बाद में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि राजद की ओर से मृतक के परिवार को एक लाख रुपये की सहायता दी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User