ब्यावरा-इंदौर बायपास पर भीषण हादसा 4 यात्रियों की मौत, 11 घायल
इंदौर-भोपाल बायपास पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस 90 डिग्री के घुमावदार ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से घिसते चलीगई। हादसा इतना भीषण था कि बस ब्रिज की दीवार से रगड़ाती हुई तिरछी हो गई और कई यात्री बस से उछलकर नीचे जा गिरे। इस हादसे में 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल बताए जा रहे है जिनमें 4 गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा ब्यावरा देहात थाना क्षेत्र में बने ट्रायंगल ओवरब्रिज पर हुआ। यह ब्रिज अपने 90 डिग्री के तीखे घुमाव के कारण पहले से ही खतरनाक माना जाता है। रात में लखनऊ से इंदौर जा रही स्लीपर बस तेज रफ्तार में बायपास से गुजर रही थी। बस में अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओवरब्रिज पर तेज मोड़ होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। बस अचानक ब्रिज की रेलिंग से टकराकर तिरछी हो गई और काफी दूर तक रगड़ाती चली गई। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री खिड़कियों से उछलकर सीधे ब्रिज से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में एसपी, एसडीएम सहित प्रशासन का पूरा अमला भी घटनास्थल और ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंच गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और सभी घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया। जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी है।
इधर हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बायपास पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। प्रारंभिक जांच में इस घुमावदार ब्रिज के खतरनाक डिजाइन को ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गंभीर घायलों को भोपाल रेफर कर दिया गया है ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)