गुना में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत; एक गंभीर घायल
शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंगवासा और पिपरिया के बीच दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और दोनों मोटरसाइकिलों के चालकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरोल चक्र निवासी जितेंद्र अहिरवार (32) अपने साथी हरि सिंह अहिरवार (30) के साथ बाइक से गांव से गुना शहर की ओर आ रहे थे। वहीं दूसरी ओर से पिपरिया निवासी दीपक अहिरवार (25) अपनी मोटरसाइकिल से गुना तरफ से अपने गांव पिपरिया की ओर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों बाइकें सिंगवासा और पिपरिया के बीच पहुंचीं, तभी सामने से आ रही दोनों मोटरसाइकिलों में जोरदार टक्कर हो गई।
इस भीषण सड़क हादसे में बाइक चला रहे जितेंद्र अहिरवार और दीपक अहिरवार की मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं जितेंद्र के साथ बाइक पर सवार हरि सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले 25 वर्षीय दीपक अहिरवार अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद जितेंद्र और दीपक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल हरि सिंह का उपचार जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)