त्योहारों पर गुना की यातायात व्यवस्था सुधारने की तैयारी, ट्रैफिक मित्र संभालेंगे मोर्चा; पार्किंग, फूड जोन और गुमटियों को व्यवस्थित करने के निर्देश
आगामी त्योहारों के दौरान शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने,पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करने,सड़कों पर व्हाइट लाइन निर्धारित करने तथा फूड जोन एवं गुमटियों को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर चर्चा की गई। साथ ही यातायात प्रबंधन में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ट्रैफिक मित्र बनाने, उन्हें प्रशिक्षण देने और उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र प्रदान करने की पहल पर भी विचार किया गया।
ट्रैफिक मित्रों को दिया जाएगा प्रशिक्षण, मिलेगा प्रशस्ति पत्र
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग के लिए ट्रैफिक मित्र बनाए जाएंगे। इन्हें यातायात प्रबंधन से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। यातायात व्यवस्था में सराहनीय सहयोग देने वाले ट्रैफिक मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित भी किया जाएगा।

पार्किंग, फूड जोन और गुमटियों को व्यवस्थित करने पर जोर
बैठक में शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करने तथा सड़कों पर व्हाइट लाइन निर्धारित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही फूड जोन और गुमटियों को निर्धारित एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए गए, जिससे आवागमन में असुविधा न हो। सदर बाजार में बेसमेंट में संचालित दुकानों के संबंध में नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
ड्यूटी में रहेगा शिफ्ट सिस्टम, कर्मचारियों की होगी रोटेशन से तैनाती
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि यातायात प्रबंधन के लिए जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए, उनकी तैनाती शिफ्ट के अनुसार की जाए। शिफ्ट की समयावधि व्यावहारिक रखी जाए तथा कर्मचारियों की रोटेशन के आधार पर ड्यूटी निर्धारित की जाए, ताकि व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।
रविवार तक सुझावों को अंतिम रूप देकर सोमवार से लागू करें
कलेक्टर ने एसडीएम, नगर पालिका सीएमओ, ट्रैफिक पुलिस सहित संबंधित अधिकारियों को यातायात प्रबंधन के संबंध में प्राप्त सुझावों पर आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। सभी सुझावों एवं प्रस्तावित व्यवस्थाओं को रविवार तक अंतिम रूप देकर सोमवार से उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आगामी त्योहारों के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सुमन, एसडीम, डिप्टी कलेक्टर देवांशु शिवहरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थेl
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)