गुना के चक चुरेला चोरीकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक और ₹4 हजार नकद बरामद; अब तक डेढ़ करोड़ के जेवर जब्त
फतेहगढ़ थानांतर्गत ग्राम चक चुरेला में हुई बहुचर्चित चोरी के प्रकरण में फतेहगढ एवं धरनावदा थाना पुलिस द्वारा समन्वित कार्यवाही करते हुए फरार एक और आरोपी गिरफ्तार कर उसकी निसादेही से प्रकरण में चोरी मोटर साइकिल एवं नकदी बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
उल्लेखनीय है कि 02-03 अगस्त 2026 की रात्रि में फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला निवासी बाबूलाल मीना के घर में कुछ अज्ञात बदमाशों द्वारा चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया था । बदमाश घर में रखी तिजोरी चोरी कर ले गए थे, जिसमें बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी रखी थी। इसके साथ ही घर से एक मोटरसाइकिल भी चोरी की गई थी। घटना के संबंध में फतेहगढ़ थाने में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 175/26, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा तत्काल पुलिस टीमों को सक्रिय कर आरोपियों की पतारसी एवं चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए थे । पुलिस टीमों द्वारा वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के सूक्ष्म विश्लेषण, गहन पूछताछ, मजबूत मुखबिर तंत्र तथा लगातार किए गए फील्ड ऑपरेशन के माध्यम से प्रकरण में संलिप्त आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की जाकर पूर्व में तीन आरोपियों राजू पारदी, गजानंद पारदी एवं लकी उर्फ चिकना पारदी निवासीगण ग्राम कनेरा, थाना धरनावदा, जिला गुना को गिरफ्तार कर उनकी निशादेही पर पुलिस ने करीब डेढ करोड रुपये मूल्य के सोने एवं चांदी के जेवरात बरामद किए गए थे ।
प्रकरण में संलिप्त शेष फरार सभी आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर उनकी लगातार तलाश की जा रही है । इसी क्रम में विगत दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर त्वरित एवं सुनियोजित कार्यवाही करते हुए प्रकरण में फरार चल रहे एक और आरोपी राजवीर पुत्र हेमराज पारदी, उम्र 28 साल, निवासी ग्राम कनेरा, थाना धरनावदा, जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया । गिरफ्तार आरोपी से प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं चोरी गए माल की बरामदगी के उद्देश्य से पुलिस द्वारा उसे माननीय न्यायालय से पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया । रिमाण्ड के दौरान आरोपी की निशादेही पर पुलिस द्वारा चोरी हुई हीरो एचएफ डील्कस मोटर साइकिल एवं चार हजार रुपये नकदी बरामद किए गए हैं ।
चक चुरेला की इस बहुचर्चित चोरी के प्रकरण में गुना पुलिस की लगातार प्रभावी कार्यवाही के परिणामस्वरूप अब तक करीब डेढ करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं चोरी हुई मोटर साइकिल बरामद की जा चुकी हैं । प्रकरण में शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गई शेष संपत्ति की बरामदगी के लिए पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है ।
पुलिस की इस कार्यवाही में फतेहगढ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, सउनि नरेश शर्मा, सउनि दिलीप रघुवंशी, सउनि जसरथ दिवाकर, प्रधान आरक्षक सरनाम सिंह, प्रधान आरक्षक चंद्रसेन फाल्के, प्रधान आरक्षक विकास भार्गव, प्रधान आरक्षक हरिओम किरार, प्रधान आरक्षक प्रेम ग्वाल, प्रधान आरक्षक कांजराज बारेला, आरक्षक दीपक शर्मा, आरक्षक बृजेन्द्र कुशवाह, आरक्षक अजय लोधी, आरक्षक धीरेन्द्र बघेल, आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक नीरज शर्मा एवं आरक्षक लेखराज भील एवं धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुहिल शर्मा और उनकी टीम तथा सायबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव व आरक्षक भूपेन्द्र खटीक की विशेष भूमिका रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)