दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जंतर-मंतर पर आज फिर प्रदर्शन का आह्वान, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर शनिवार को एक बार फिर प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने लोगों से दोपहर एक बजे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है। यह आह्वान शुक्रवार को हुए विरोध प्रदर्शन के बाद किया गया है।
शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर की ओर बढ़ने से रोका था और कई लोगों को हिरासत में लिया गया था। इनमें नेहा बोरा समेत छात्र संगठनों और राजनीतिक दलों से जुड़े लोग शामिल थे।
शनिवार के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मौके पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने की जानकारी भी दी है।
प्रदर्शनकारी SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान स्थिति पर पुलिस की नजर रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)