सीबीआई का बड़ा एक्शन: हंजर बायोटेक पर 93.44 करोड़ के बैंक फ्रॉड का केस, मुंबई में कई जगह छापे
नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब नेशनल बैंक को कथित तौर पर 93.44 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाने के मामले में मुंबई की हंजर बायोटेक एनर्जीज प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशकों और गारंटरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में कुछ अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है।
सीबीआई के अनुसार, यह मामला पंजाब नेशनल बैंक की मुंबई स्थित एसएएम शाखा की शिकायत पर 30 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने कथित साजिश के तहत संबंधित पक्ष के इनवॉइस के आधार पर 135 करोड़ रुपये का टर्म लोन हासिल किया और इस राशि को उन उद्देश्यों से अलग इस्तेमाल किया, जिनके लिए बैंक ने ऋण मंजूर किया था।
जांच एजेंसी का आरोप है कि लोन की रकम को कथित तौर पर दूसरी जगह डायवर्ट या इस्तेमाल किए जाने के कारण पंजाब नेशनल बैंक को करीब 93.44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। मामले में आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
मामला दर्ज करने के बाद सीबीआई ने मुंबई में कंपनी के निदेशकों से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी ली। एजेंसी के मुताबिक, तलाशी के दौरान जांच से संबंधित बैंक दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े कागजात बरामद कर जब्त किए गए हैं।
सीबीआई अब कथित साजिश की पूरी कड़ी, इसमें शामिल लोगों की भूमिका और 135 करोड़ रुपये के लोन की वास्तविक उपयोगिता की जांच कर रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर डायवर्ट की गई रकम का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से किया गया।
कंपनी की ओर से मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सीबीआई की जांच जारी है और एजेंसी के मुताबिक आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)