मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP का ‘जेल भरो आंदोलन’, रचनात्मक नारों और पोस्टरों ने खींचा ध्यान
मुंबई। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से शुक्रवार, 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू किया गया। शाम चार बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा प्रदर्शनकारी पहुंचे। मुंबई पुलिस की ओर से सभा की अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन में हिस्सा लिया।
प्रदर्शन के दौरान आंदोलन के मुद्दे और मांगों के साथ-साथ अलग-अलग रचनात्मक नारों, व्यंग्यात्मक पोस्टरों और मीम्स ने भी लोगों का ध्यान खींचा। प्रदर्शन स्थल से सामने आए कई नारे और पोस्टर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए।
प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाए गए। इनमें ‘एक जीरा, दो अजवाइन-ज्ञानेश करो रिजाइन’, ‘ज्ञानू, तुझा डेमोक्रेसी वर भरोसा नाय काय?’, ‘ज्ञानेश ब्रो, जस्ट रिजाइन’ और ‘गद्दार ज्ञानू मस्ट गो’ जैसे नारे शामिल रहे।
CJP ने यह आंदोलन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया। यह मांग उन मीडिया रिपोर्टों के बाद उठाई गई, जिनमें दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने करीब 10 महीने के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 मौकों पर आपत्तियां दर्ज की थीं। रिपोर्टों के अनुसार, कुछ आपत्तियों में ऐसे फैसलों का भी उल्लेख था, जिन्हें दोनों चुनाव आयुक्तों ने अपनी जानकारी के बिना जारी किए जाने की बात कही थी।
बाद में चुनाव आयोग ने इन दावों पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि तीन सदस्यीय आयोग ने एसआईआर समेत सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए हैं। इसके बाद भी CJP की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखा गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)