अपेक्स बैंक प्रशासक महेंद्र सिंह यादव का जिला सहकारी बैंक गुना में औचक निरीक्षण, ऋण वितरण और वसूली की समीक्षा
अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने 23 सितंबर 2026 को अपने प्रवास के दौरान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, गुना का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरस्तु प्रभाकर सहित बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा बैठक में बैंक की कार्यप्रणाली, व्यावसायिक गतिविधियों तथा सहकारी क्षेत्र को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा एवं समीक्षा की गई। बैठक में विशेष रूप से ऋण वितरण एवं ऋण वसूली, नए सदस्यों का पंजीयन एवं सदस्यता वृद्धि, ‘सहकार से समृद्धि’ अभियान, सहकारी समितियों की कार्यक्षमता में वृद्धि, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार तथा नवाचार एवं नई कार्यप्रणालियों को अपनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
श्री यादव ने बैंक की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए ऋण वितरण में गति एवं पारदर्शिता, प्रभावी ऋण वसूली, अधिकाधिक पात्र सदस्यों को बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं से जोड़ने तथा सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बदलते बैंकिंग परिवेश के अनुरूप तकनीक एवं नवाचार का उपयोग करते हुए कार्यप्रणाली में दक्षता एवं परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक एवं समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा कृषक एवं आमजन के आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बैंक एवं उसकी संबद्ध सहकारी संस्थाओं को अपनी सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाते हुए सदस्यों की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करना चाहिए।
बैठक के दौरान बैंक की वर्तमान कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी अवधि के लिए ऋण वितरण, वसूली, सदस्यता विस्तार, व्यवसाय वृद्धि एवं नवाचार के क्षेत्र में ठोस एवं परिणामपरक प्रयास किए जाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरस्तु प्रभाकर ने बैंक की वर्तमान गतिविधियों एवं प्रगति से अवगत कराया तथा बैंक द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा बैंक की कार्यक्षमता एवं व्यवसाय में वृद्धि के लिए समन्वित रूप से कार्य करने हेतु निर्देशित किया। समीक्षा बैठक में बैंक प्रधान कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)