दिल्ली एयरपोर्ट पर जलभराव की फर्जी खबर फैलाने पर कार्रवाई, 63 सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ एफआईआर

Wednesday, September 9, 2026 - 16:54
0
दिल्ली एयरपोर्ट पर जलभराव की फर्जी खबर फैलाने पर कार्रवाई, 63 सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ एफआईआर

नई दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर जलभराव और बाढ़ को लेकर कथित तौर पर भ्रामक जानकारी फैलाने के मामले में एयरपोर्ट ऑपरेटर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने 63 सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। डायल का आरोप है कि इन अकाउंट से एयरपोर्ट पर जलभराव के गलत दृश्य साझा किए गए और परिचालन प्रभावित होने का भ्रामक दावा किया गया।

डायल ने बुधवार को बताया कि उसने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कंपनी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर प्रसारित कुछ पोस्ट में दिल्ली एयरपोर्ट से जोड़कर ऐसे वीडियो और तस्वीरें साझा की गईं, जो वास्तव में किसी अन्य स्थान की थीं।

दुबई एयरपोर्ट का पुराना वीडियो दिल्ली का बताकर किया शेयर

डायल के अनुसार, एक सोशल मीडिया पोस्ट में दुबई एयरपोर्ट पर जलभराव का पुराना वीडियो दिल्ली एयरपोर्ट का बताकर साझा किया गया था। कंपनी ने कहा कि इस तरह की सामग्री से यात्रियों के बीच अनावश्यक चिंता पैदा हुई और एयरपोर्ट की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

4 सितंबर को बारिश के बाद जमा हुआ था पानी

डायल के मुताबिक, 4 सितंबर 2026 को हुई भारी बारिश के बाद टर्मिनल-3 के आगमन प्रांगण में कुछ समय के लिए पानी जमा हो गया था। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की और करीब 20 मिनट के भीतर पानी निकालकर स्थिति सामान्य कर दी गई।

डायल ने स्पष्ट किया कि जलभराव की इस घटना से एयरपोर्ट का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ और किसी उड़ान पर इसका असर नहीं पड़ा। यात्रियों को भी किसी बड़ी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

डायल ने कहा कि 63 सोशल मीडिया अकाउंट से भ्रामक सामग्री का प्रसार प्रथम दृष्टया जानबूझकर सार्वजनिक भ्रम पैदा करने का प्रयास प्रतीत होता है। कंपनी के मुताबिक, इस तरह की पोस्ट से सार्वजनिक उपयोगिता सेवा की प्रतिष्ठा प्रभावित होने के साथ यात्रियों में अनावश्यक डर और भ्रम पैदा हो सकता है। मामले में अब दिल्ली पुलिस की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User