राम मंदिर चढ़ावा गबन मामला: सरकार और संघ के दबाव में चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, ट्रस्ट के पुनर्गठन की तैयारी
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। लंबे समय तक चले मान-मनौव्वल के बाद संघ परिवार और केंद्र सरकार के दबाव के बीच ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अब केंद्र सरकार ट्रस्ट का पुनर्गठन कर उसकी साख बहाल करने की दिशा में कदम उठाने की तैयारी में है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के विदेश दौरे से लौटने के बाद पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की जाएगी। माना जा रहा है कि ट्रस्ट में चंपत राय की जगह विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
विहिप से जुड़े सूत्रों का कहना है कि चढ़ावे में अनियमितताओं की जानकारी सामने आने के बाद से ही चंपत राय और अनिल मिश्रा से स्वेच्छा से पद छोड़ने की अपेक्षा की जा रही थी। जब ऐसा नहीं हुआ तो संघ और सरकार की ओर से उन्हें स्पष्ट संदेश दिया गया। हरिद्वार में हाल ही में हुई विहिप की मार्गदर्शक मंडल की बैठक में भी यह राय बनी कि मंदिर और संगठन की प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए दोनों नेताओं को पद छोड़ देना चाहिए।
बताया जा रहा है कि चंपत राय शुक्रवार रात तक इस्तीफा देने के पक्ष में नहीं थे। इसके बाद शनिवार को उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय और संघ की ओर से तत्काल पद छोड़ने का सख्त संदेश दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें यह भी बताया गया कि यदि वे स्वयं इस्तीफा नहीं देंगे तो ट्रस्ट की ओर से उन्हें पद से हटाने की सूचना सार्वजनिक की जा सकती है। वहीं, चंपत राय कथित तौर पर एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद मीडिया के सामने अपना पक्ष रखने की तैयारी में हैं।
सूत्रों के अनुसार, अगले महीने दूसरे सप्ताह में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में चढ़ावा चोरी से जुड़े मामले के बाद ट्रस्ट की विश्वसनीयता बहाल करने, चढ़ावा व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता लाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नए तंत्र पर चर्चा की जाएगी। हालांकि ट्रस्ट या केंद्र सरकार की ओर से इन प्रस्तावित बदलावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)