राम मंदिर में चढ़ावा चोरी: सभी आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी, अब तक 79 लाख रुपये बरामद
अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की धनराशि में हुई कथित चोरी के मामले में जांच तेज हो गई है। रविवार सुबह पुलिस और एसआईटी की टीमों ने एक साथ सभी आठ आरोपियों के घरों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान घरों की तलाशी ली गई, परिजनों से पूछताछ की गई और पड़ोसियों के भी बयान दर्ज किए गए।
पुलिस की टीमें आरोपी अनुकल्प मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, टिन्नू यादव समेत अन्य आरोपियों के आवासों पर पहुंचीं। जांच के दौरान स्थानीय लोगों से भी साक्ष्य और जानकारी जुटाई गई। किसी भी तरह की बाधा से बचने के लिए आरोपियों के घरों के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया।
इसी क्रम में कौशलपुरी फेस-एक स्थित आरोपी अविनाश शुक्ला के किराये के मकान पर भी पुलिस ने कार्रवाई की। जांच के दौरान मकान के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर उसे पुलिस निगरानी में ले लिया गया। पुलिस मौके पर साक्ष्य जुटाने और जांच को आगे बढ़ाने में लगी हुई है।
पुलिस के अनुसार, अब तक सात आरोपियों से करीब 79 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं। इनमें सबसे अधिक लगभग 20 लाख रुपये अविनाश शुक्ला के पास से मिलने की बात सामने आई है। मामले में बृहस्पतिवार को एफआईआर दर्ज की गई थी और शुक्रवार को सभी आठ आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
गौरतलब है कि 6 जून को राम मंदिर के चढ़ावे की धनराशि में कथित चोरी का मामला सामने आया था। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट की सिफारिश पर प्रदेश सरकार ने एसआईटी का गठन किया। एसआईटी ने अपनी जांच रिपोर्ट शासन को सौंपने के बाद मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर चढ़ावा गणना में शामिल छह कर्मियों, एक पर्यवेक्षणीय कर्मचारी और महासचिव के चालक समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। फिलहाल पुलिस बरामदगी, साक्ष्य संग्रह और मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)