ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के पांच लोगों की मौत, नूडल्स खाने के बाद सोया था परिवार; जांच के लिए विशेष टीमें गठित
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र स्थित नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। परिवार के सभी सदस्य शुक्रवार रात मेला देखकर घर लौटे थे। इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर नूडल्स और चाय का सेवन किया और सोने चले गए। शनिवार सुबह पांचों मृत मिले।
मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35) और तीन बच्चों लड्डू (11), मिष्टी (7) तथा साक्षात (3) के रूप में हुई है। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के आधार पर भोजन से विषाक्तता की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने मौतों के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घटनास्थल से नूडल्स के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। फॉरेंसिक टीम भी मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों का पैनल गठित किया गया है। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, मौतों का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजे आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)