इंदौर के अधूरे प्रोजेक्ट पर ताई ने सीएम से की मुलाकात, बोलीं- नौकरी मांगने आई हूं
भोपाल। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और इंदौर की वरिष्ठ भाजपा नेता सुमित्रा महाजन ने शहर के अधूरे विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। शनिवार सुबह इंदौर की रेसीडेंसी कोठी में हुई इस मुलाकात के दौरान उन्होंने कला संकुल और अहिल्या स्मारक के लंबित निर्माण कार्यों का मुद्दा उठाया। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “नौकरी मांगने आई हूं।”
सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री से कला संकुल का निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने और इसे जल्द पूरा करने का आग्रह किया। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शुरू हुआ यह काम बीच में रुक गया है। उनका कहना है कि कला और संस्कृति से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इस भवन का पूरा होना जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने अहिल्या स्मारक के शेष निर्माण कार्यों को भी जल्द पूरा कराने और मुख्यमंत्री से स्थल का निरीक्षण करने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान इंदौर में पानी की समस्या पर भी चर्चा हुई। सुमित्रा महाजन ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को लोगों को पानी बचाने और उपलब्ध संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करने के लिए जागरूक करना चाहिए। उन्होंने इस समस्या से निपटने में जनभागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।
इंदौर में इस साल सामान्य से कम बारिश के कारण आगामी महीनों में जल संकट की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में पानी की उपलब्धता और उसके बेहतर प्रबंधन को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है।
अब इन अधूरी परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)