होली पर बरेली मंडल में 123 जुलूस, 11 हजार से अधिक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

Sunday, March 1, 2026 - 12:30
0
होली पर बरेली मंडल में 123 जुलूस, 11 हजार से अधिक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

बरेली (आरएनआई)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली मंडल के चारों जिलों में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, बॉडीवार्न कैमरों के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल की व्यवस्था की है।

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने होली के मद्देनजर बरेली रेंज की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि चारों जिलों में कुल 123 छोटे-बड़े जुलूस निकाले जाएंगे। इनमें बरेली जिले में 80, बदायूं में 15, पीलीभीत में 10 और शाहजहांपुर में 18 जुलूस शामिल हैं। शहर में 2 और 3 मार्च को निकलने वाला राम बरात जुलूस भी प्रमुख आयोजनों में शामिल है।

होलिका दहन के लिए मंडल में कुल 9568 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इनमें बरेली में 3041, बदायूं में 2275, पीलीभीत में 1397 और शाहजहांपुर में 2855 स्थानों पर होलिका दहन होगा। प्रशासन ने सभी स्थानों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए बरेली रेंज को आठ सुपर जोन, 41 जोन, 145 सेक्टर और 350 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। डीआईजी ने बताया कि जुलूस मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बॉडीवार्न कैमरे भी दिए गए हैं ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुल 11,446 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 10 एएसपी, 30 सीओ, 92 प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 268 उपनिरीक्षक, 1800 मुख्य आरक्षी, 2759 आरक्षी, 4728 महिला मुख्य आरक्षी और 1759 महिला आरक्षी शामिल हैं। इसके अलावा मुख्यालय से पांच कंपनी, दो प्लाटून पीएसी, चार कंपनी आरआरएफ तथा बरेली जोन से एक कंपनी पीएसी की तैनाती भी की गई है।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे त्योहार को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User