चंद्रग्रहण के चलते मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि समेत कई मंदिरों के पट बंद, दर्शन समय में बदलाव

Sunday, March 1, 2026 - 12:28
0
चंद्रग्रहण के चलते मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि समेत कई मंदिरों के पट बंद, दर्शन समय में बदलाव

मथुरा (आरएनआई)। फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा पर पड़ रहे चंद्रग्रहण के कारण श्रीकृष्ण जन्मभूमि समेत मथुरा के प्रमुख मंदिरों के पट निर्धारित समय के अनुसार बंद रहेंगे। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं के लिए संशोधित दर्शन और पूजा-अर्चना का समय जारी कर दिया है।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के अनुसार 3 मार्च को खग्रास चंद्रग्रहण के चलते सुबह 5 बजे मंगला आरती के साथ सभी मंदिरों के पट खुलेंगे और सुबह 6 बजे बंद कर दिए जाएंगे। चंद्रग्रहण मोक्ष के बाद मंगलवार शाम 8 बजे उत्थापन आरती के साथ पुनः पट खोले जाएंगे। इसके बाद रात 9 बजे नियत समय पर मंदिर बंद होंगे।

होली के अवसर पर भी परंपराओं में बदलाव किया गया है। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में सूतक काल के दौरान पट बंद रहेंगे। मंदिर के सेवायत प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि पूर्णिमा के दिन मनाई जाने वाली होली इस बार एक दिन पहले मनाई जाएगी और होलिका दहन 2 मार्च की रात को होगा। 3 मार्च को सुबह 9:05 बजे से पहले और शाम लगभग 7 बजे के बाद ही सेवा-पूजा एवं आरती संपन्न की जाएगी।

नगर के प्राचीन सप्त देवालयों में शामिल ठाकुर राधादामोदर मंदिर में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक पट बंद रहेंगे। मंदिर के सेवायत कृष्ण बलराम गोस्वामी ने बताया कि सुबह 4 बजे मंगला आरती के बाद धूप और शृंगार आरती की जाएगी। शाम 7 बजे पट खुलने पर गौर पूर्णिमा के अवसर पर अभिषेक, धूप, संध्या और शयन आरती होगी।

इसी प्रकार ठाकुर राधारमण मंदिर में भी 3 मार्च को धुलेंडी मनाई जाएगी, लेकिन चंद्रग्रहण के कारण सुबह 6 बजे तक ही नियमित सेवा होगी। इसके बाद सुबह 6 से शाम 7 बजे तक करीब 13 घंटे मंदिर के पट बंद रहेंगे। चंद्रग्रहण के बाद मंदिर की धुलाई और शुद्धिकरण के उपरांत नियमित पूजा-अर्चना पुनः आरंभ होगी।

ज्योतिषाचार्य रामविलास चतुर्वेदी के अनुसार 3 मार्च को दोपहर 3:20 बजे से शाम 6:47 बजे तक चंद्रग्रहण रहेगा, जबकि सूतक काल सुबह 6:20 बजे से प्रारंभ हो जाएगा। सूतक काल में ब्रज क्षेत्र के अधिकांश मंदिरों में पूजा-अर्चना नहीं की जाती, इसी परंपरा का पालन करते हुए दर्शन व्यवस्था में यह बदलाव किया गया है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के अनुसार ही दर्शन के लिए पहुंचें।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User